नपा खेल मैदान पर आनंद उत्सव का भव्य आयोजन, पारंपरिक खेलों से गूंजा उल्लास

जनोदय पंच। सेंधवा । नगर पालिका परिषद द्वारा बुधवार को दोपहर साढ़े 12 बजे नपा खेल मैदान पर आनंद उत्सव का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को तनावमुक्त जीवन, खेलों के महत्व और सामूहिक आनंद से जोड़ना रहा। उत्सव में दौड़, रस्साकसी, नींबू रेस, सितोली जैसे पारंपरिक खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों ने बचपन की यादों को ताजा किया और आनंद की अनुभूति ली।
आनंद उत्सव का शुभारंभ मां शारदा के पूजन करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि आनंद उत्सव शासन की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें नागरिकों के मानसिक, सामाजिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है। खेल और मनोरंजन जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता भरते हैं, ऐसे आयोजन समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। सभापति छोटू चौधरी ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में लोग तनाव और भागदौड़ में उलझे रहते हैं। आनंद उत्सव जैसे कार्यक्रम हमें रुककर जीवन को जीने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर देते हैं। यह पहल निरंतर जारी रहनी चाहिए।

पार्षद लक्ष्मी शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आनंद उत्सव ने हमें अपने बचपन की यादें ताजा करा दीं। दिनभर की भागदौड़ में हम अपने लिए समय ही नहीं निकाल पाते हैं, लेकिन इस आयोजन ने यह सिखाया कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और खुशहाल जीवन के लिए उनका महत्व बहुत बड़ा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मधु चौधरी ने आनंद उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिक शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से प्रसन्न और सामाजिक रूप से सक्रिय रहें। ऐसे आयोजनों से सामुदायिक सहभागिता बढ़ती है और सकारात्मक वातावरण बनता है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि आज की जिंदगी पूरी तरह भागमभाग हो गई है। इंसान अपने लिए भी समय नहीं निकाल पा रहा है। आनंद उत्सव हमें यह प्रेरणा देता है कि कुछ पल अपनी जिंदगी के लिए भी निकालें और जीवन को आनंद के साथ जिएं। अपने स्वस्त का भी ध्यान रखें । आनंद उत्सव में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बसंती बाई यादव, उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पार्षदगण छोटू चौधरी, लक्ष्मी शर्मा, अनीता धामोने, ललिता शर्मा, शकिर मंसूरी, प्रकाश निकुम, सचिन शर्मा, सीएमओ मधु चौधरी, उपयंत्री विशाल जोशी, मोहन धामोने, स्व सहायता समूह की महिलाएं, स्कूल के बच्चे तथा नपा के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर पालिका द्वारा 100 व 200 मीटर दौड़, अंधी मटकी फोड़, नींबू रेस, रस्सा कसी रेस, सितोली सहित अनेक पारंपरिक खेल आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नगर पालिका परिषद की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को सराहा और भविष्य में भी ऐसे आनंददायक आयोजनों की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम संचालन प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने किया आभार सिटी मिशन मैनेजर अनसिंह बिलवाल ने व्यक्त किया ।




