सेंधवा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर रक्तदान शिविर, 69 यूनिट रक्त संग्रह
किला परिसर स्थित लायंस कम्युनिटी हॉल में आयोजित शिविर में जन चेतना रैली और सम्मान समारोह भी हुआ।

सेंधवा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति के तत्वाधान में थैलेसीमिया एवं सिकल सेल जन जागरण समिति द्वारा किला परिसर स्थित लायंस कम्युनिटी हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 69 यूनिट रक्तदान हुआ।
जन चेतना रैली से हुई शुरुआत
कार्यक्रम के एक दिन पूर्व 22 जनवरी को समिति द्वारा जन चेतना रैली सेंधवा सिविल अस्पताल से निकाली गई। रैली को सीबीएमओ ओ एस कनेल तथा अरविंदो हॉस्पिटल की टीम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य थैलेसीमिया और सिकल सेल को लेकर जनजागृति फैलाना रहा।

समाजसेवी संस्थाओं का सम्मान
रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में कार्य करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजय वाघमारे ने समाजसेवी संस्थाओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
रक्तदान में सहभागिता और विशेष उपस्थिति
सम्मान समारोह में बड़वानी जिले में सक्रिय रक्तदान समितियों के प्रमुखों के साथ धार, शिरपुर, बड़वाह, खरगोन और बड़वानी ब्लड बैंक के पदाधिकारी शामिल रहे। साथ ही वे परिवार भी उपस्थित रहे जिन्होंने पगड़ी की रस्म और जन्म दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरचरण सिंह भाटिया और उनकी पुत्री रावि भाटिया ने प्रथम बार रक्तदान किया। अनिल मांडगे और पवन शर्मा ने सपत्नीक रक्तदान किया। कार्यक्रम में समिति के अशोक राठौड़, अनीस शेख, महेंद्र परिहार, सैफुद्दीन सरकार, सागर यादव, नितिन ठाकुर सहित सभी रक्तवीर उपस्थित रहे।



