बड़वानी के राजपुर में लूट कांड का पर्दाफाश, दो वारदातों में संलिप्त आरोपी पकड़े गए
महिला कर्मचारी से लूट के मामले में राजपुर पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी से लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
महिला कर्मचारी से लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
बड़वानी। बड़वानी जिले की राजपुर पुलिस ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी से लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी का कुछ हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। इस मामले में अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना 20 जनवरी को सुबह करीब 10:30 बजे की है। फरियादी दुर्गा आस्के, जो माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं, ग्राम सालखेड़ा, रोझानी और इंद्रपुर से कलेक्शन कर स्कूटी से जुलवानिया जा रही थीं। इसी दौरान ग्राम इंद्रपुर मोहनपुरा के सुनसान क्षेत्र में दो अज्ञात बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। बैग में 40,840 रुपये नगद, एक टैबलेट, एक मशीन और कंपनी के आवश्यक दस्तावेज रखे थे।
दो मामलों में संलिप्तता स्वीकार, तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने रविवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर और थाना नागलवाड़ी की विशेष टीमें गठित की गईं। वैज्ञानिक, तकनीकी और मनोवैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद पिता सरदार बड़ोले, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम इंद्रपुर और आरोपी असलम पिता फैजु सैय्यद, उम्र 22 वर्ष, निवासी ईदगाह मोहल्ला, बड़वानी को ग्राम बंधान से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से कुल 11,000 रुपये नगद बरामद हुए, जिसमें विनोद से 5,000 रुपये और असलम से 6,000 रुपये शामिल हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने राजपुर थाना के अपराध क्रमांक 46/26, धारा 304(2) भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज मामले में लूट की वारदात स्वीकार की। इसके अलावा आरोपियों ने नागलवाड़ी थाना के अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 309(4) भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज एक अन्य मामले में 20 जनवरी 2026 को गवला घाटी मार्ग पर मुर्गी पालन व्यवसायी रईस अब्बास खान, निवासी सेंधवा से 1,12,000 रुपये से भरा बैग छीनने की घटना को भी स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं का मास्टरमाइंड विनोद पिता सरदार बड़ोले है। फरार आरोपी अनिल और गारदा की तलाश जारी है।



