बड़वानी जिले के कपालियाखेड़ी लूट कांड का खुलासा, 6 लाख का मशरूका जब्त, लूट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल आरोपियों को पकड़ा

जनोदय पंच। बड़वानी। ग्राम कपालियाखेड़ी में हुई लूट की वारदात का थाना ठीकरी पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वेगनार कार, मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल सहित लगभग छह लाख रुपये का मशरूका जब्त किया।
ग्राम कपालियाखेड़ी लूट प्रकरण में थाना ठीकरी पुलिस को सफलता मिली है। फरियादी राजेश पिता ठाकुर सिंह राठौड़, जाति नायक, निवासी देवनगर पालदा, तीन इमली, इंदौर द्वारा दिनांक 29.01.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 29.01.2026 को प्रातः 03.30 बजे इंदौर से गुणीबयड़ी थाना ठीकरी जाते समय ग्राम कपालियाखेड़ी के पास दो मोटरसाइकिलों से आए चार अज्ञात युवकों ने बेल्ट से मारपीट कर वेगनार कार क्रमांक डच 09 के 7699, पर्स, नगदी रुपये एवं चार मोबाइल फोन लूट लिए। इस पर थाना ठीकरी में अपराध क्रमांक 28/26 धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
विशेष टीम और साइबर सेल की भूमिका
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी बड़वानी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ठीकरी निरीक्षक नाथूसिंह रंधा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से घटना स्थल के पास आयोजित एक शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त की गई। मुखबिर तंत्र की सूचना पर संदेही अक्षय पिता सुरेश मेवाड़े को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और अपने साथियों के नाम बताए।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र उर्फ पन्ना पिता मांगीलाल पंचोली उम्र 26 वर्ष निवासी जामसिंध पांडुतालाब थाना उदयनगर जिला देवास, नवीन पिता हिरदाराम ठाकुर जाति भील उम्र 19 वर्ष निवासी करामतपुरा थाना ठीकरी जिला बड़वानी तथा अक्षय पिता सुरेश मेवाड़े जाति भील उम्र 18 वर्ष 03 माह निवासी करामतपुरा थाना ठीकरी जिला बड़वानी को गिरफ्तार किया। प्रकरण में शेष फरार आरोपी शंकर पिता गबरु केवट निवासी ग्राम कटोरा थाना बलकवाड़ा जिला खरगौन की तलाश की जा रही है। आरोपियों से एक सफेद वेगनार कार, तीन मोबाइल फोन, 1,000 रुपये नगद एवं बिना नंबर की लाल-काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है।

आपराधिक रिकॉर्ड और पुलिस टीम की भूमिका
आरोपी जितेन्द्र उर्फ पन्ना के विरुद्ध थाना उदयनगर में अवैध वसूली, आगजनी, मारपीट, लूट तथा थाना खुड़ेल जिला इंदौर में हत्या, डकैती एवं लूट सहित कई अपराध पंजीबद्ध हैं। वहीं आरोपी नवीन के विरुद्ध थाना ठीकरी में मारपीट का अपराध दर्ज है। इस कार्रवाई में एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान, निरीक्षक नाथूसिंह रंधा, उप निरीक्षक विकास बेनल, उप निरीक्षक रितेश खत्री, प्रधान आरक्षक अरविंद यादव, बलवीर मोरे, केशरे सिंह, योगेश पाटील, अनारसिंह, भेरुसिंह, गोविंद मुवेल, प्रदीप गौड़ एवं आरक्षक मोनू का सराहनीय योगदान रहा।



