सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा: 14 से 24 फरवरी तक लगेगा शिवरात्रि मेला, किराया दरों में नहीं होगी बढ़ोतरी

नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक, दुकानों-झूलों का किराया गत वर्ष की दर पर रखने का निर्णय

जनोदय पंच। सेंधवा में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 14 से 24 फरवरी तक आयोजित होने वाले दस दिवसीय शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। किराया गत वर्ष की दर पर रहेगा।


बैठक: मेला आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा

नगर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 14 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित होने वाले दस दिवसीय शिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।


स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा पर फोकस

नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि शिवरात्रि मेला नगर की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा हुआ है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले में दुकानदारों और झूले लगाने वालों के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। किराया गत वर्ष की दर पर ही वसूला जाएगा। साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।


13 सदस्यीय मेला समिति गठित

बैठक में शिवरात्रि मेले के संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए 13 सदस्यीय मेला समिति का गठन किया गया। समिति को मेला स्थल की व्यवस्थाएं, दुकानों का आवंटन, सुरक्षा समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मेला समिति में नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी, उपाध्यक्ष छोटू चौधरी, प्रकाश निकुम, वली शेख, गणेश राठौड़, लता चौधरी, अनीता धामोने, ललिता शर्मा, पिंकी पवार, मोना शर्मा, कमल पाटिल, गणेश नरगावे और इकबाल शाह को शामिल किया गया।


साप्ताहिक बाजार होगा स्थानांतरित

नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने बताया कि शिवरात्रि मेले के दौरान किला परिसर में 15 फरवरी और 22 फरवरी को लगने वाला साप्ताहिक बाजार, मेले के आयोजन के कारण किले के पीछे स्थानांतरित किया जाएगा। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बाजार के व्यापारियों को पूर्व सूचना देकर वैकल्पिक स्थान पर उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


अधिकारियों को निर्देश, आपात व्यवस्था रहेगी मजबूत

बैठक में उपस्थित प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी, उपयंत्री सचिन अलुने, अशोक वर्मा, किशोर गिरनार सहित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि मेले की सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं।

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय, अग्निशमन व्यवस्था, चिकित्सा सहायता एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ करने की बात कही गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने अंत में नागरिकों से अपील की कि शिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!