बड़वानी जिले में कक्षा 12वीं की अंग्रेजी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न; 8083 छात्र हुए शामिल

जनोदय पंच। बड़वानी। जिला बड़वानी में मंगलवार से प्रारंभ हुई बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) का अंग्रेजी विषय का पेपर जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 8,408 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 8,083 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 325 छात्र अनुपस्थित पाए गए।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहे तथा तलाशी (चेकिंग) की व्यवस्था लागू की गई। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पूर्व तक प्रवेश की अनुमति दी गई। बड़वानी जिले में परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित रही, जिसके चलते सामूहिक या व्यक्तिगत नकल का एक भी प्रकरण (निरंक) दर्ज नहीं किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे आगामी दिनों में समय का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होवे।



