मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानीसेंधवा

सेंधवा: महाशिवरात्रि पर शिवालयों में विशेष श्रृंगार, भक्ति का उमड़ेगा सैलाब

सेंधवा: महाशिवरात्रि पर देवझिरी, राजराजेश्वर और पातालेश्वर मंदिरों में विशेष पूजा व सजावट

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया है। शिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, श्रृंगार एवं भव्य सजावट की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

प्राचीन शिव मंदिर व देवझिरी में सजावट पूरी

नगर के प्राचीन शिव मंदिर एवं देवझिरी मंदिर में रंगाई-पुताई के साथ आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रोशनी से सुसज्जित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा।

अभिषेक, रुद्रपाठ और मन्नत पूरी पर्व

पुजारी राजीव रोचन जोशी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर प्रातःकाल से ही अभिषेक, रुद्रपाठ एवं विशेष पूजन का आयोजन किया जाएगा। भक्तजन दिनभर जल, दुग्ध एवं बिल्वपत्र अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करेंगे। जोशी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दूसरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत पूरी पर्व मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजन प्रसादी बनाकर भगवान शिव को अर्पण कर प्रसादी प्राप्त करते हैं। तीसरे दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण लोग झिरी में स्नान हेतु आते हैं। इसी मान्यता है कि झिरी के पानी से स्नान से चर्म रोग व कई बीमारी दूर होती है।

राजराजेश्वर मंदिर में खप्पर पूजन और विशाल भंडारा

वहीं किले के अंदर स्थित ऐतिहासिक राजराजेश्वर मंदिर, जिसका निर्माण होलकर राज्यकाल में माता अहिल्याबाई होलकर द्वारा कराया गया था, वहां भी विशेष पूजा-अर्चना के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में आकर्षक सजावट के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पुजारी राम अहीरे ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर राजराजेश्वर मंदिर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर समिति द्वारा 17 फरवरी को पारंपरिक खप्पर पूजन किया जाएगा तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।

पातालेश्वर मंदिर में भी विशेष व्यवस्था

इसके अतिरिक्त पुलिस थाना मल्हार बाग परिसर स्थित पातालेश्वर मंदिर में भी भगवान शिव के दर्शन हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। यहां भी दिनभर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का क्रम जारी रहेगा।

गोई वाकी और सिल्दड़ में भी आयोजन

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नगर के सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन एवं मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। शिवभक्तों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और पूरा नगर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंजने को तैयार है। सेंधवा से 5 किलोमीटर दूर स्थित शिव शक्तिधाम गोई वाकी शिवालय में पूजन उपरान्त साबूदाना खिचड़ी प्रसादी वितरण का आयोजन रखा गया है। ग्राम सिल्दड़ में भी भक्ति की आस्था के केंद्र शिवशक्ति नवग्रह धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए साबूदाने की खिचड़ी व चाय की व्यवस्था संस्थापक द्वारा आयोजित की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!