खरगोन: मेला-बाजार बने निशाना, 3 जिलों से 13 बाइक चुराने वाला गिरोह पकड़ा; बाल अपचारी सहित 4 गिरफ्तार

खरगोन। दिनेश गीते। खरगोन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपए कीमत की 13 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह गिरोह मेला, हॉट बाजार और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर बाइक चोरी करता था।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के अनुसार यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की सीडी डीलक्स बाइक रोकी गई। बाइक सवार आनंदबेड़ी निवासी आमिन उर्फ कालू पिता भूरू खान और हातिम पिता कल्लू खान से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद थाना बलकवाड़ा की चौकी खलटाका द्वारा की गई सघन जांच में आसपास के तीन जिलों की बाइक चोरी का खुलासा हुआ।
जब्त की गई 13 बाइकों में से 10 खरगोन, 2 धार और 1 बड़वानी जिले की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी अकलिम उर्फ अकलु पिता अल्लाबेली (खड़खवानी) और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों ने सनावद, कसरावद मेले, भगवानपुरा, खरगोन मेले, धार के खलघाट बाजार, बाकानेर अस्पताल, बड़वानी के जुलवानिया व अंजड़, खंडवा के पुनसा और इंदौर सहित कई स्थानों से बाइक चोरी करने की बात कबूली है।



