सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों को मिला प्रेरक संदेश
निवाली महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में विधायक बरडे ने की विकास घोषणाएँ

जनोदय पंच। पानसेमल। पद्मश्री स्व. कांता बहन त्यागी शासकीय महाविद्यालय, निवाली में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में पानसेमल विधानसभा के विधायक श्याम बरडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महाविद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन से हुई। प्राचार्य डॉ. किरण तावड़े ने स्वागत भाषण में महाविद्यालय की उपलब्धियों और आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए मांग-पत्र प्रस्तुत किया।
छात्र-छात्राओं ने भव्य पंडाल में नृत्य, नाटक और पारंपरिक गीतों की प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी सराहना की गई। महाविद्यालय स्टाफ के मांग-पत्र को ध्यान में रखते हुए विधायक ने मुख्य मार्ग से कॉलेज तक पहुंच मार्ग निर्माण और मुख्य सड़क पर कॉलेज के नाम से स्वागत द्वार बनाए जाने की घोषणा की। घोषणा के साथ ही परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।

अपने संबोधन में विधायक ने विद्यार्थियों को परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि कॉलेज जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति सदस्य नंदकिशोर शर्मा, कन्हैया सिसोदिया, राम सोनवणे, संतोष राठौड़, प्रकाश जोशी सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। संचालन कु. चाँदनी गोले ने किया।




