सेंधवा: ओझर-नागलवाड़ी रोड पर कार और डायल 112 में भीषण टक्कर, दो बच्चों सहित पांच घायल
नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में दोपहर का हादसा, घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाना पड़ा

जनोदय पंच। नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में ओझर-नागलवाड़ी रोड पर कार और डायल 112 वाहन की आमने-सामने टक्कर में दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसा लहड़गांव फाटे के पास हुआ। सूचना के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी रही।
लहड़गांव फाटे के पास हुआ हादसा
सोमवार दोपहर नागलवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ओझर-नागलवाड़ी रोड पर कार और पुलिस की डायल 112 गाड़ी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि डायल 112 वाहन नागलवाड़ी से ओझर की ओर जा रहा था, जबकि कार ओझर से नागलवाड़ी की तरफ आ रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दो बच्चों सहित पांच घायल
कार में सवार धन्नालाल, राहुल और सीमा के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। दो बच्चों को भी हल्की चोटें लगीं। पास के खेतों में काम कर रहे मजदूरों और पुलिस ने मिलकर सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एंबुलेंस देरी से पहुंचने पर नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना था कि सूचना देने के एक घंटे बाद भी 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में जानकारी मिली कि एंबुलेंस वरला क्षेत्र से आ रही थी, जिससे देरी हुई। अंततः घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने में खड़ा करवा लिया है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।



