बड़वानी; मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्तावित नागलवाड़ी में आयोजित कैबिनेट बैठक की तैयारियाँ तेज
संभागायुक्त और आईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं बाबा भिलट देव मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

बड़वानी; किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जिले में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक एवं भगोरिया उत्सव कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज वरिष्ठ अधिकारियों ने नागलवाड़ी पहुँचकर कार्यक्रम स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी इंदौर श्री अनुराग, डीआईजी खरगोन रेंज श्री सिद्धार्थ बहुगुणा और कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रस्तावित बैठक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बाबा भिलट देव मंदिर में दर्शन एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन
अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा भिलट देव मंदिर पहुँचकर दर्शन किए और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और भगोरिया उत्सव के दौरान जुटने वाली भीड़ के प्रबंधन हेतु अधिकारियों ने परिसर का भौतिक सत्यापन किया। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री जी के प्रवास और भगोरिया उत्सव के दौरान पेयजल, पार्किंग, और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

सांस्कृतिक महत्व और सुरक्षा समन्वय
चूंकि यह कार्यक्रम भगोरिया उत्सव के समय आयोजित हो रहा है, इसलिए जिले की सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान और कानून व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु आईजी एवं डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा ब्रीफिंग दी।



