खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में अवैध शराब का विरोध पड़ा भारी, सरपंच और साथियों पर मारपीट का आरोप

ठीकरी तहसील के ग्राम पिपरी डेब का मामला, ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

बड़वानी। जिले की ठीकरी तहसील के ग्राम पिपरी डेब में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय का विरोध करने पर विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध से नाराज ग्राम सरपंच और उसके साथियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की और एक ग्रामीण के साथ लाठियों से मारपीट की।

घटना को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण बड़वानी पहुंचे और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री का विरोध करने पर उनके साथ विवाद और मारपीट की घटना हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि विरोध के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और एक ग्रामीण को लाठियों से पीटा गया। इस घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

इस दौरान विधायक बड़वानी राजन मंडलोई और कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी भी पीड़ित ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे। दोनों ने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। मामले में एसपी शुक्ल ने कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं का आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!