खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

रमजान, नवरात्रि और रामनवमी को लेकर पुलिस सतर्क, बाजारों व संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त

आगामी रमजान, चैत्र नवरात्रि, ईद, गणगौर और रामनवमी को देखते हुए बड़वानी पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन पैदल भ्रमण और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्रभावी रूप से बनाए रखा जा सके।

रमन बोरखड़े। बड़वानी। बड़वानी जिले में आगामी रमजान, चैत्र नवरात्रि, ईद, गणगौर और रामनवमी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा सघन पैदल भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


त्योहारों को लेकर पुलिस की विशेष सतर्कता

बड़वानी में आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा सघन पैदल भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रमजान, चैत्र नवरात्रि, ईद, गणगौर और रामनवमी को देखते हुए जिलेभर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

फुट पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान

इसी क्रम में जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन सायंकाल सघन पैदल भ्रमण (फुट पेट्रोलिंग), संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस द्वारा होटल, लॉज, धर्मशालाओं और ढाबों की आकस्मिक जांच भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

 वाहनों की जांच

पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार फुट पेट्रोलिंग की जा रही है। वाहन चेकिंग के दौरान दस्तावेज, नंबर प्लेट, हेलमेट और यातायात नियमों के पालन की जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न करने के लिए आमजन को जागरूक किया जा रहा है।

इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना, सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना तथा यातायात अनुशासन सुनिश्चित करना है। बड़वानी पुलिस द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रखा जाएगा।

आमजन से सहयोग की अपील

इस कार्रवाई में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी और पुलिस बल का सक्रिय योगदान रहा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपमानजनक या भड़काऊ पोस्ट साझा न करें।

यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!