खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास और सेवा गुणवत्ता को मिल रही नई गति – सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी

जनोदय पंच। बड़वानी। राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी द्वारा राज्यसभा में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर पूछे गए अतारांकित (लिखित) प्रश्नों के उत्तर में केंद्र सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास, सेवा गुणवत्ता और रोजगार सृजन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इन प्रश्नों का उत्तर केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा राज्यसभा में दिया गया।

सांसद डॉ. सोलंकी ने अपने प्रश्नों के माध्यम से पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन, सेवा गुणवत्ता मानकों की स्थापना, युवाओं के कौशल विकास तथा रोजगार सृजन से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी मांगी थी। सरकार ने अपने उत्तर में बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यटन मंत्रालय द्वारा “सेवा प्रदाताओं के लिए क्षमता निर्माण योजना (CBSP)” संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत महिलाओं, स्थानीय समुदायों, जनजातीय क्षेत्रों और वंचित वर्गों के युवाओं को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कौशल विकास का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

सरकार के अनुसार वित्त वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच इस योजना के तहत देशभर में 1.68 लाख से अधिक व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया गया तथा लगभग 36 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में “पर्यटन मित्र / पर्यटन दीदी” पहल शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत स्थानीय सेवा प्रदाताओं, टैक्सी और ऑटो चालकों, होटल कर्मचारियों, दुकानदारों सहित विभिन्न वर्गों को प्रशिक्षण देकर पर्यटकों के प्रति बेहतर सेवा और आतिथ्य प्रदान करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

सरकार ने यह भी बताया कि पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय सेवा गुणवत्ता मानदंड लागू किए जा रहे हैं तथा साहसिक पर्यटन गतिविधियों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानकीकृत दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके साथ ही स्वदेश दर्शन, स्वदेश दर्शन 2.0, प्रसाद तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से देशभर में पर्यटन अवसंरचना के विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास देश के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे तथा देश के पर्यटन क्षेत्र को भी नई मजबूती देंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!