सेंधवा; बड़ी बिजासन मंदिर में नवरात्रि पर उमड़ी भीड़, स्वर्ण आभूषणों से सजा दरबार
सेंधवा सीमा पर बिजासन माता मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब, महायज्ञ और नवचंडी पाठ शुरू

जनोदय पंच। सेंधवा के पास बड़ी बिजासन माता मंदिर में चौत्र नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार किया गया। शिवशक्ति महायज्ञ और नवचंडी पाठ शुरू हुए, महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़
सेंधवा। शहर से 16 किमी दूर मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बड़ी बिजासन माता मंदिर में चौत्र नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त माता के दर्शन और पूजन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। मंदिर के पट सुबह 5 बजे खोल दिए गए थे, जिसके बाद से लगातार दर्शन जारी हैं।
विशेष श्रृंगार और धार्मिक आयोजन
नवरात्रि के अवसर पर मां बड़ी बिजासन का स्वर्ण आभूषणों और मुंबई से आए विशेष फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया है। मंदिर के पुजारी पंडित मिश्रा के अनुसार, नवरात्रि में शिवशक्ति महायज्ञ और नवचंडी पाठ का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए रुकने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या
सामान्य दिनों में प्रतिदिन 20 से 25 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन नवरात्रि के दौरान यह संख्या बढ़ती जाती है। विशेषकर सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
महाराष्ट्र से आते हैं भक्त
पंडित मिश्रा ने बताया कि चौत्र नवरात्रि में सबसे अधिक श्रद्धालु महाराष्ट्र से आते हैं। वहां के कई परिवारों की कुलदेवी मां बड़ी बिजासन होने के कारण बड़ी संख्या में भक्त यहां मन्नतें उतारने पहुंचते हैं। मंदिर समिति, पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



