अवैध गौवंश परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 7 बैल जप्त, जंगल में सर्चिंग के दौरान आरोपी फरार, गौवंश छोड़कर भागे
डायल-112 की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी, जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर गौवंश को सुरक्षित कब्जे में लिया

जनोदय पंच। पाटी थाना पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए 7 बैलों को जप्त किया। डायल-112 की सूचना पर जंगल क्षेत्र में सर्चिंग की गई। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पाटी पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना पाटी पुलिस को 19.03.2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घोंघसा की ओर दो व्यक्ति गौवंश (बैल) को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल महाराष्ट्र की ओर वध हेतु ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर संभावित मार्गों पर घेराबंदी की गई।
जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग, आरोपी फरार
पुलिस टीम ने जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग की। इस दौरान पुलिस की आहट पाकर आरोपी अंधेरे और दुर्गम मार्ग का फायदा उठाकर अपने साथ ले जा रहे 07 नग बैलों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
07 बैल जप्त, सुरक्षित स्थान पर भेजे गए
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बड़वानी दिनेशसिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी 07 नग बैलों को सुरक्षित कब्जे में लेकर विधिवत जप्त किया। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 52,000 रुपये आंकी गई है। सभी गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया गया।
अज्ञात आरोपियों पर प्रकरण दर्ज, तलाश जारी
इस संबंध में थाना पाटी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 4, 6, 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पाटी उनि. रामदास यादव, सउनि चंपालाल मोरे, सउनि श्रीराम फगोरे, प्रधान आरक्षक 315 कमल, प्रधान आरक्षक 697 विजय चौहान, आरक्षक 151 मुन्ना चौहान एवं डायल-112 पायलट योगेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



