अब बड़वानी-खरगोन जिलों को मिलेगी दो रेल लाइन : खरगोन-बड़वानी–आलीराजपुर नई रेल लाइन का सर्वे पूर्ण, ड्रोन सर्वे से तय हुआ अंतिम एलाइनमेंट, अब बनेगी डीपीआर

खरगोन / बड़वानी / सेंधवा। बड़वानी एवं खरगोन जिलों के लिए रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रस्तावित रेल परियोजनाओं के साकार होने पर दोनों जिलों को दो रेल लाइनों का लाभ मिलने की संभावना बन गई है। इसी क्रम में खंडवा से आलीराजपुर तक प्रस्तावित नई रेल लाइन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से चल रहे सर्वेक्षण कार्य को सर्वे टीम ने अब अंतिम रूप दे दिया है। हाल ही में ड्रोन तकनीक की सहायता से अंतिम चरण का सर्वे पूरा किया गया।
जानकारी के अनुसार पहले इस रेल मार्ग का सतही (फील्ड) सर्वे किया जा चुका था। बाद में इंदौर में रेल विभाग एवं पूर्व-पश्चिम निमाड़ क्षेत्र के सांसदों के साथ हुई बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर कुछ स्थानों पर एलाइनमेंट में संशोधन किए गए, जिसके बाद पुनः सर्वेक्षण शुरू किया गया। बुधवार को सर्वे टीम ने आलीराजपुर से ड्रोन सर्वे करते हुए खंडवा तक पहुंचकर अंतिम सर्वे कार्य पूर्ण किया।
मनमाड–इंदौर रेलवे संघर्ष समिति प्रमुख मनोज मराठे ने बताया कि रेल लाइन का सर्वे पूरा होने के बाद अंतिम विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) रेलवे बोर्ड एवं निर्माण शाखा द्वारा तैयार किया जाएगा। इस डीपीआर में रेल मार्ग पर प्रस्तावित स्टेशन, पुल-पुलिया, रेलवे ट्रैक निर्माण, विद्युतीकरण सहित सभी तकनीकी एवं निर्माण कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल रहेगा। इसके आधार पर पूरी परियोजना की अनुमानित लागत तय की जाएगी तथा परियोजना से रेलवे को होने वाली संभावित आय एवं लाभ प्रतिशत का भी आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इस रेल मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है। डीपीआर एवं वित्तीय स्वीकृति को शीघ्र कराने हेतु खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खरगोन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य से संपर्क कर रेलवे मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड से समयबद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।
श्री मराठे ने आगे बताया कि इस रेल लाइन के बनने से मनमाड–इंदौर रेल नेटवर्क के बीच जुड़ाव मजबूत होगा और क्षेत्र में बड़े जंक्शन के विकसित होने की संभावना भी बढ़ेगी। साथ ही वर्षों से बड़वानी क्षेत्र में रेल मार्ग को लेकर चल रही मांग पूरी होने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
निमाड़ रेल लाओ समिति के प्रमुख नरेंद्र सिंह चावला ने बताया कि प्रस्तावित रेल लाइन आलीराजपुर से होकर नानपुर, कुक्षी, सिंघाना, बड़वानी, अंजड़, जुलवानिया, खरगोन, भीकनगांव, बरूड, पांझरिया, जामली एवं बडगांव होते हुए टिगरिया के बडगांव गुर्जर रेलवे स्टेशन पर मुख्य लाइन से जुड़ेगी और वहां से खंडवा दिशा में एलाइनमेंट तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले जमीनी सर्वे किया गया था, जबकि अब ड्रोन सर्वे के माध्यम से सटीक आंकड़े, भूमि नक्शे तथा रेल लाइन बिछाने का अंतिम मार्ग निर्धारित किया गया है। सर्वे से संबंधित सभी दस्तावेज वडोदरा रेल विभाग में संकलित किए जाएंगे, जिसके आधार पर डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। यह प्रक्रिया लगभग एक माह में पूरी होने की संभावना है, जिसके बाद रेल मंत्रालय द्वारा आगे की स्वीकृति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



