फर्जी सिम पर पुलिस सख्त, पानसेमल में विक्रेताओं को दिए कड़े निर्देश, साइबर अपराध रोकथाम के लिए पुलिस एक्टिव, फर्जी सिम पर कड़ी निगरानी
डिजिटल केवाईसी अनिवार्य, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी

पानसेमल; पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आयुष कुमार अलावा के मार्गदर्शन में थाना पानसेमल परिसर में सिम विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य साइबर अपराधों एवं फर्जी सिम के दुरुपयोग की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में सिम विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि सिम विक्रय के दौरान डिजिटल केवाईसी अनिवार्य रूप से किया जाए, किसी भी स्थिति में फर्जी सिम जारी न की जाए तथा प्रत्येक लेन-देन का विधिवत रिकॉर्ड संधारित रखा जाए। बिना वैध अनुमति मोबाइल लॉक न तोड़ने, ग्राहकों के फोटो एवं आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से प्राप्त करने तथा पुराने मोबाइल क्रय करते समय वैध बिल लेने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही सिम सक्रिय करने हेतु निर्देशित किया गया तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।



