जल संचय जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत कलेक्टर सहित अधिकारियों ने पहाड़ियों पर कंटूर ट्रेंच निर्माण के लिए किया श्रमदान

जनोदय पंच। बड़वानी। जल संचय जन भागीदारी एवं जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत जल संरक्षण की दिशा में बड़वानी जिला प्रशासन द्वारा एक प्रभावी पहल की गई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित रेस्ट हाउस के समीप की पहाड़ी पर वर्षा जल को रोकने एवं भू-जल स्तर को सुधारने के उद्देश्य से कंटूर ट्रेंच निर्माण के लिए वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अभियान में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का नेतृत्व स्वयं कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया। पहाड़ी की ढलानों पर वर्षा के पानी की गति को कम करने और उसे जमीन के भीतर समाहित करने के लिए वैज्ञानिक पद्धति से कंटूर ट्रेंच की खुदाई की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं फावड़ा और कुदाली उठाकर ट्रेंच निर्माण में सहयोग कर जल संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया। कंटूर ट्रेंच निर्माण का उद्देश्य पहाड़ियों पर गिरने वाले वर्षा जल को बहने से रोककर उसे रन-ऑफ के बजाय परकोलेशन के माध्यम से जमीन के अंदर पहुँचाना। इस अवसर पर सभी ने जल संरक्षण की शपथ लेकर यह संकल्प भी लिया कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पहाड़ियों पर निर्मित ये कंटूर ट्रेंच न केवल जल स्तर को बढ़ाएंगी, बल्कि क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देने और मिट्टी के कटाव को रोकने में भी सहायक सिद्ध होंगी। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के अन्य विकासखंडों में भी इसी प्रकार के श्रमदान और जल संरचनाओं के जीर्णाेद्धार के कार्य किए जा रहे हैं।





