बड़वानी: पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानों में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर पुलिस की सख्ती
लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और जन-सहभागिता पर जोर

जनोदय पंच | बड़वानी; पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले के सभी थानों में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और जन-सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों में विवेचकों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं समय-सीमा में निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।

इस दौरान लंबित अपराध, मर्ग, चालान, शिकायत जांच, गुम इंसान एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। विवेचकों को पेंडिंग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।

विवेचकों को दिए गए निर्देश
बैठक में चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत एवं एमएलसी जांच रजिस्टर के सुव्यवस्थित संधारण, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, गिरफ्तारी वारंट, स्थाई एवं फरारी वारंट की तामिली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रकरणों में ई-साक्ष्य का प्रभावी संकलन सुनिश्चित करने एवं सीसीटीएनएस में समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि करने पर विशेष बल दिया गया।

कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
थाना प्रभारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, संदिग्ध व्यक्तियों की सतत निगरानी रखने, गुंडा-बदमाशों की समय-समय पर चेकिंग करने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान थाना प्रभारियों द्वारा नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए गए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे पुलिस एवं जनता के आपसी समन्वय से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




