बड़वानी में हेलमेट अनिवार्यता अभियान तेज, पुलिस की सख्ती बढ़ी, बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई जारी
सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस की कार्रवाई, दोपहिया चालकों को जागरूक करने पर फोकस

जनोदय पंच। बड़वानी में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से हेलमेट अनिवार्यता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में सघन चेकिंग जारी है, जिसमें दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बड़वानी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दी जा रही है और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

जागरूकता और कार्रवाई
पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि हेलमेट दुर्घटना के समय जीवन रक्षक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करता है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। पद्मविलोचन शुक्ल ने सभी थाना प्रभारियों को अभियान गंभीरता से चलाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा- “सभी नागरिकों से मेरा विनम्र आग्रह है कि अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें, क्योंकि यह आपके जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। यातायात नियमों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। कृपया गति सीमा का पालन करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। बड़वानी पुलिस का यह अभियान आपकी सुरक्षा के लिए है। इसमें सहयोग करें, स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक बनाएं।”



