भोपालमध्यप्रदेशमुख्य खबरे
नीमच में बैंसला घाट के पास तूफान वाहन पलटा, चालक भारत चौहान और सोहन बाई की मौत, सात घायल
सावन कुंड से लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार, गंभीर घायल को नीमच रेफर, रामपुरा में इलाज जारी
शनिवार दोपहर मनासा के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में शामिल होकर गायरी गुर्जर समाज के लोग भानपुरा के ग्राम अंतरालिया लौट रहे थे। इस दौरान पटेल श्री होटल के पास दोपहर करीब 2 बजे बैंसला घाट के पास वाहन अचानक बेकाबू होकर पलट गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।
हादसे में 55 वर्षीय सोहन बाई और 40 वर्षीय चालक भारत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 7 लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रामपुरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि 5 अन्य का रामपुरा में उपचार जारी है। सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सूचना मिलने पर रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एंबुलेंस के देरी से पहुंचने के कारण घायलों को अस्पताल ले जाने में मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।