पाटी पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान में छह घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की

पाटी। बड़वानी जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत थाना पाटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 नाबालिग बालिकाओं एवं 01 बालिग युवती को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं डीएसपी (म.सु.) महेश सुनैया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
फरियादी ने चौकी बोकराटा पर सूचना दी थी कि उसकी दो नाबालिग लड़कियां, उसके भाई की दो अन्य नाबालिग लड़कियां और उसके बाबा की एक बालिग लड़की दोपहर करीब 1 बजे नाले पर नहाने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारी में तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना पाटी में अप.क्र. 161/2026 धारा 137(2) बीएनएस एवं गुमशुदगी क्रमांक 27/2026 दर्ज कर तलाश शुरू की गई।

तकनीकी विश्लेषण और सर्चिंग से सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रामदास यादव ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई गई तथा परिवहन केंद्रों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में भी सर्चिंग अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने पांचों लड़कियों को ग्राम कालाखेत भालापानी फल्या की पहाड़ियों से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। आवश्यक काउंसलिंग एवं वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी को परिजनों के सुपुर्द किया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में महेश सुनैया, रामदास यादव, आशीष शर्मा, चंपालाल मोरे, दिलीप मुवेल, रितेश, नरेश, मौसम, घनश्याम, विजय, कमल, अर्चना, शुभम मालवीया, सुनील, गजराज, अनिल, राजकुमार, गोपाल, ज्ञानेश्वर, रंजना, योगेश, रितेश खत्री, योगेश पाटील एवं साइबर सेल बड़वानी के आर. मडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



