भोपाल समेत मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, 11 दिन में चौथी बार बढ़े तेल के दाम
भोपाल, इंदौर और उज्जैन में पेट्रोल-डीजल कीमतों में उछाल, डीजल 100 रुपए के पार पहुंचा

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 11 दिन में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपए और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ। बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में डीजल 100 रुपए और पेट्रोल 116 रुपए के करीब पहुंच गया है।
कई शहरों में बढ़े तेल के दाम
नए रेट के अनुसार भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। उज्जैन में पेट्रोल 115.03 रुपए और डीजल 100.11 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया। इंदौर में पेट्रोल 114.54 रुपए और डीजल 99.57 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया। जबलपुर और ग्वालियर में भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। 15 मई, 19 मई, 23 मई और 25 मई को लगातार चार बार तेल के दाम बढ़ाए गए हैं।
महंगाई पर पड़ सकता है असर
डीजल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ट्रक और टेम्पो किराया बढ़ने से सब्जियां, फल और राशन महंगे हो सकते हैं। खेती में ट्रैक्टर और पंपिंग सेट का खर्च बढ़ने से किसानों की लागत भी प्रभावित होगी। सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा होने की संभावना है।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बताई गई है। जानकारी के अनुसार ईरान-अमेरिका तनाव से पहले क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है।



