सेंधवा में पटाखा साउंड वाली बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर लगाया जुर्माना
शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए सेंधवा शहर पुलिस का विशेष अभियान जारी

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखा जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिल पर कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर चालक पर 3000 रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस ने मौके पर ही अवैध साइलेंसर निकलवाकर जब्त किया और भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं करने की चेतावनी दी।
मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई
सेंधवा में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों में कंपनी का मूल साइलेंसर हटाकर तेज पटाखा जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर आम रास्तों और रिहायशी क्षेत्रों में घूम रहे हैं, जिससे आमजन में भय और दहशत का माहौल बन रहा है।
निवाली रोड पर घेराबंदी कर पकड़ी बुलेट
सूचना के आधार पर 18 मई 2026 को थाना सेंधवा शहर पुलिस टीम ने निवाली रोड सेंधवा पर घेराबंदी कर बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 41 एमआर 8333 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगा पाया गया, जो अत्यधिक तेज और पटाखा जैसी आवाज उत्पन्न कर रहा था। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत चालक के विरुद्ध चलानी कार्रवाई करते हुए 3000 रुपये का जुर्माना लगाया तथा मौके पर ही अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर विधिवत जब्त किया।
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने वाहन चालक को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियां नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि शहर की शांति व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा प्रभावित करने वाले वाहन चालकों तथा अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले मैकेनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना सेंधवा शहर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



