बड़वानी के काजलमाता गांव में बिना दहेज, डीजे और दारू के विवाह ने दिया सामाजिक बदलाव का संदेश
मिशन 3D अभियान के तहत जनजातीय अंचल में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पुलिस की अनूठी पहल

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस के “मिशन 3D” अभियान का असर अब जनजातीय अंचलों में दिखाई देने लगा है। थाना सिलावद क्षेत्र के ग्राम काजलमाता में बिना दहेज, बिना डीजे और बिना दारू के सादगीपूर्ण विवाह संपन्न हुआ। पुलिस अधिकारियों ने समारोह में पहुंचकर नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए परिवार का सम्मान किया।
मिशन 3D अभियान से मिला सामाजिक बदलाव का संदेश
बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित “मिशन 3-D” अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहा है। थाना सिलावद क्षेत्र के ग्राम काजलमाता निवासी सखाराम किराड़े ने अपनी पुत्री प्रमिला का विवाह 18 मई 2026 को पूर्णतः सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त तरीके से संपन्न कराया। बिना दहेज, बिना डीजे एवं बिना दारू के हुए इस विवाह ने क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कुछ दिन पूर्व थाना सिलावद द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सखाराम किराड़े ने “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप विवाह कराने का संकल्प लिया था, जिसे उन्होंने निभाया।

पुलिस अधिकारियों ने समारोह में पहुंचकर किया सम्मान
सखाराम किराड़े के निमंत्रण पर डीएसपी महेश सुनैया, डीएसपी निलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी सिलावद उनि. रामकृष्ण लौवंशी, महिला थाना प्रभारी सुनिता मुजाल्दा, थाना प्रभारी पाटी रामदाय यादव, यातायात प्रभारी उनि. रजनी भार्गव एवं सायबर शाखा प्रभारी उनि. रितेश खत्री सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल विवाह समारोह में शामिल हुआ। अधिकारियों ने नवदंपति को शुभकामना संदेश एवं उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं सखाराम किराड़े एवं उनकी धर्मपत्नी को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में पारंपरिक मादल वादकों का सम्मान कर लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। साथ ही वर-वधु को हेलमेट भी प्रदान किए गए।

ग्रामीणों को किया जागरूक, कुरीतियों से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों को सायबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने दहेज, डीजे एवं दारू जैसी सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर सादगीपूर्ण विवाह अपनाने की अपील की। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू पटेल, ग्राम सरपंच, पटेल, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सिलावद उनि. रामकृष्ण लौवंशी एवं थाना सिलावद पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

सामाजिक आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि “मिशन 3-D केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में जनभागीदारी से चलाया जा रहा सामाजिक आंदोलन है। दहेज, डीजे और दारू जैसी कुरीतियों से दूर रहकर सादगीपूर्ण विवाह करना हमारी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाता है। ग्राम काजलमाता के परिवार द्वारा प्रस्तुत यह उदाहरण पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”





