सेंधवा की ईरानी कॉलोनी में पुलिस का जनसंवाद कार्यक्रम, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर किया जागरूक
जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय व सुरक्षा जागरूकता पर दिया गया जोर

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने ईरानी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 04 में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर अपराध, यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने, यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय पर जोर
सेंधवा में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे की उपस्थिति में थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा वार्ड क्रमांक 04 ईरानी कॉलोनी में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस एवं नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

साइबर फ्रॉड और यातायात नियमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में थाना सेंधवा शहर से आर. नीरज डांगरे ने ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। नागरिकों को ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम जानकारी एवं यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।



