इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ से पहले पोस्टर वार, ‘झूठ की गूंज’ पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
गीता भवन, पलासिया समेत कई इलाकों में नजर आए पोस्टर, कांग्रेस पार्षद ने उतारे; भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस के आरोप खारिज किए

जनोदय पंच। इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले शहर के कई इलाकों में ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर सामने आए। पोस्टरों पर ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय’ लिखा है। मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आए।
कई इलाकों में लगाए गए पोस्टर
इंदौर में राहुल गांधी के आज होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले शहर में पोस्टर पॉलिटिक्स देखने को मिल रही है। गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, एमआर-9, विजयनगर और भंवरकुआं समेत कई इलाकों में ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों पर लिखा है- ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय।’
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप
पोस्टर सामने आने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतंत्र का स्तर नीचे गिरा दिया है और राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं। उनका कहना है कि हर राजनीतिक दल को अपनी बात जनता तक पहुंचाने का अधिकार है और छात्र-युवा अब अपनी आवाज उठा रहे हैं।
विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण और पुलिस के माध्यम से कई तरह की बाधाएं पैदा की गईं।
कांग्रेस पार्षद ने कई पोस्टर उतारे
पोस्टर लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और अपने साथियों के साथ कई पोस्टर उतारे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ये पोस्टर अवैध तरीके से लगाए गए हैं तो नगर निगम की टीम को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
भाजपा ने आरोपों को खारिज किया
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये पोस्टर देशप्रेमियों ने लगाए हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी के कथित झूठ सामने आ चुके हैं और इन्हीं बातों को पोस्टरों के जरिए सामने रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन पोस्टरों को उतार दिया।
आज इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी आज दोपहर करीब 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम करीब 6 बजे राहुल गांधी भारत जोड़ो मैदान पहुंचकर छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम से पहले पोस्टर के जरिए शुरू हुई यह सियासत शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।



