बड़वानी में छात्राओं से बोले एसपी पद्मविलोचन शुक्ल, लक्ष्य तय कर कठिनाइयों का साहस से सामना करने की दी सीख
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में हुआ संवाद, अच्छी संगति, अनुशासन, सकारात्मक सोच और एकाग्रता के साथ पढ़ाई पर दिया जोर

जनोदय पंच। बड़वानी के पाटी में छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान छात्राओं ने अपने सपनों, लक्ष्यों और जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल पूछे। उन्हें सकारात्मक सोच, अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों का साहस के साथ सामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

छात्राओं से सहज और आत्मीय संवाद
बड़वानी पुलिस द्वारा बच्चों और युवाओं से जुड़ाव एवं संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से “बाल संवाद – उम्मीद का उजाला” पहल के तहत पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पाटी में छात्राओं से संवाद किया।
सहज एवं आत्मीय वातावरण में हुए संवाद के दौरान एसपी ने छात्राओं की छोटी-छोटी जिज्ञासाओं, उनके सपनों, जीवन के लक्ष्यों और मन में उठने वाले सवालों को जाना। छात्राओं ने भी निडर होकर विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका एसपी ने सरल एवं प्रेरणादायी तरीके से उत्तर दिया।

अच्छी संगति और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख
एसपी ने छात्राओं को अच्छी संगति, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत एवं एकाग्रचित्त होकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीवन में आने वाली कठिनाइयों से बिना डरे उनका दृढ़ता से सामना करते हुए आगे बढ़ने की सीख दी।
उन्होंने देश के वीर क्रांतिकारियों एवं महान व्यक्तित्वों के जीवन और संघर्ष से जुड़े प्रेरक प्रसंग भी साझा किए। प्रश्नोत्तर के दौरान भगवान श्री गणेश के प्रथम पूज्य होने से संबंधित प्रश्न पर एक छात्रा ने माता-पिता की परिक्रमा से जुड़ा प्रसंग सुनाया। सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

एसपी बोले- परिस्थितियों से निपटने का तरीका आना चाहिए
एसपी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “जरूरी नहीं कि वक्त हमेशा मेहरबान रहे, जिंदगी में कुछ लम्हे जिंदगी बदलने के लिए काफी होते हैं। अपनी परिस्थितियों से निपटने का तरीका आना चाहिए और संकट के समय उसका सामना करने का साहस रखना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि छात्राओं की छोटी-छोटी जिज्ञासाओं और उनके जीवन के लक्ष्य से जुड़े प्रश्नों को समझने तथा उनका समाधान करने का यह एक छोटा सा प्रयास है। उम्मीद है कि इस प्रयास से छात्राओं में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और वे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकेंगी।
सही दिशा और स्पष्ट लक्ष्य जरूरी: धीरज बब्बर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने कहा, “जीवन में सफलता पाने के लिए केवल मेहनत ही काफी नहीं है, बल्कि सही दिशा और स्पष्ट लक्ष्य का होना भी उतना ही आवश्यक है। विद्यार्थी जब अपना एक लक्ष्य निर्धारित कर निष्ठा और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करते हैं, तो उन्हें सफलता अवश्य मिलती है।”
उन्होंने कहा, “लक्ष्यहीन प्रयास दिशाहीन नाव की तरह होते हैं, इसलिए अपना उद्देश्य तय करें और उसे हासिल करने में पूरी ऊर्जा लगा दें।”
पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी अजाक श्रीमती नलेश्वरी डावर, डीएसपी श्री चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसोदिया, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सुनिता मुजाल्दा, पाटी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक श्री रामदास यादव, साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक रितेश खत्री, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती राजश्री पवार, संस्था के प्राचार्य श्री आर के शर्मा, शिक्षक गण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



