धर्म-ज्योतिष, समाजमुख्य खबरे

सेंधवा में अनूठे गणेश पंडालों की धूम, काले तिल की प्रतिमा से लेकर प्रेम मंदिर की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

नालेपार में सरस्वती एकता संगठन ने काले तिल से तैयार की गणेश प्रतिमा, नगर के पंडालों में अलग-अलग झांकियों और प्रसाद की व्यवस्था

जनोदय पंच। सेंधवा में गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सजे पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। विद्युत सजावट और अनूठी प्रतिमाओं के बीच नालेपार में काले तिल से भगवान जगन्नाथ स्वरूप में बनी गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है। शाम को पंडालों में चहल-पहल बढ़ रही है।

काले तिल से तैयार हुई भगवान जगन्नाथ स्वरूप गणेश प्रतिमा

सेंधवा में गणेश महोत्सव के चलते भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक गणेश पंडाल सजाए गए हैं, जो विद्युत रोशनी और मनमोहक सजावट से जगमगा रहे हैं। अलग-अलग पंडालों में गणेशजी की विविध स्वरूपों एवं मुद्राओं में प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। शाम होते ही पंडालों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और गणपति बप्पा के जयकारों से नगर भक्तिमय नजर आ रहा है।

नालेपार क्षेत्र में सरस्वती एकता संगठन ने इस वर्ष अनूठी कलाकृति के रूप में भगवान जगन्नाथ के स्वरूप में गणेश प्रतिमा तैयार की है। काले तिल से निर्मित यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। संगठन द्वारा प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना कर प्रतिदिन पूजन-अर्चन किया जा रहा है।

26 वर्षों से अलग-अलग सामग्री से बना रहे प्रतिमाएं

संगठन के राहुल पवार ने बताया कि सरस्वती एकता संगठन द्वारा पिछले 26 वर्षों से विभिन्न प्रकार की सामग्री का उपयोग कर हाथ से निर्मित अनूठी गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। अब तक अन्न, साबूदाना, नाल, रस्सी, चावल सहित विभिन्न वस्तुओं से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया जा चुका है।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष काले तिल से भगवान गणेश की प्रतिमा को भगवान जगन्नाथ के स्वरूप में तैयार किया गया है। राहुल पवार ने बताया कि प्रतिमा निर्माण में संगठन के सदस्यों की कला, मेहनत और रचनात्मकता का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। धार्मिक आस्था के साथ कला और सृजनात्मकता का यह संगम श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

भाजपा नेताओं ने किए प्रतिमा के दर्शन

शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, जुलवानिया मंडल अध्यक्ष गोलू यादव, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, सचिन शर्मा, विवेक तिवारी एवं विवेक छाबड़ा सहित अन्य लोगों ने नालेपार स्थित पंडाल पहुंचकर अनूठी गणेश प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।

प्रेम मंदिर की झांकी से लेकर सेंधवा राजा तक आकर्षण

नगर के विभिन्न गणेश पंडाल भी अपनी अलग-अलग सजावट और प्रतिमाओं के कारण श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। दिनेशगंज एकता संगठन, दारूगोदाम में वृंदावन स्थित प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की आकर्षक झांकी तैयार की गई है। विद्युत सज्जा और सुंदर कलाकृति के साथ बनाई गई यह झांकी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

मोतीबाग चौक पर ‘सेंधवा राजा’ के रूप में विशाल गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। निवाली रोड स्थित नगर पालिका कॉम्प्लेक्स में भी सुंदर पंडाल सजाकर भगवान गणेश को विराजित किया गया है। श्याम बाजार में विघ्नहर्ता गणेशजी की प्रतिमा श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

अलग-अलग पंडालों में प्रतिदिन मिल रहा प्रसाद

गणेश महोत्सव के दौरान नगर के विभिन्न पंडालों में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं नाश्ते की व्यवस्था की जा रही है। अलग-अलग पंडालों में अलग-अलग प्रकार के नाश्ते का वितरण किया जा रहा है। श्रद्धालु गणेशजी के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद के रूप में नाश्ते का आनंद ले रहे हैं।

शाम के समय नगर के गणेश पंडालों में विशेष चहल-पहल दिखाई दे रही है। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग परिवार सहित पंडालों में पहुंचकर गणेशजी के दर्शन कर रहे हैं। रंग-बिरंगी विद्युत सजावट, आकर्षक झांकियां, भक्ति संगीत और गणपति बप्पा के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!