जुलवानिया में CNG वाहन चालकों ने वाहन खड़े कर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना, वेतन और PF राशि की मांग
बकवाड़ी स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर जुटे चालक, कलेक्टर महोदया और लेबर इंस्पेक्टर के नाम थाना प्रभारी महोदय को सौंपा आवेदन

जुलवानिया। नगर के समीप ग्राम बकवाड़ी स्थित इंडियन पेट्रोल पंप एवं CNG गैस पंप पर बड़वानी जिले के संपूर्ण CNG गैस वाहन चालकों ने अपनी मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपने वाहन खड़े कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। चालकों ने समय पर वेतन देने और PF राशि की मांग रखी।
दो माह से समय पर वेतन नहीं मिलने का आरोप
चालकों का कहना है कि उन्हें कम वेतन दिया जा रहा है और PF की राशि भी नहीं दी जा रही है। इसके साथ ही पिछले दो माह से वेतन समय पर नहीं मिलने की बात कही गई। इसी मांग को लेकर चालक सुबह से अपने वाहन इंडियन पेट्रोल पंप बकवाड़ी पर खड़े कर धरने पर बैठे।

थाना पहुंचकर सौंपा लिखित आवेदन
देर शाम चालक पुलिस थाना पहुंचे और थाना प्रभारी महोदय को कलेक्टर महोदया एवं लेबर इंस्पेक्टर के नाम लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से चालकों ने उनके पक्ष में सुनवाई कर उनकी मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
चालक रविन्द्र गुप्ता ने बताया कि कंपनी द्वारा उनकी सैलेरी समय पर नहीं दी जा रही है, जिसके कारण परिवार चलाने में काफी समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें PF की राशि और सैलेरी स्लिप भी नहीं दी जा रही है। चालकों ने लिखित आवेदन देकर प्रशासन से अपना हक और अधिकार दिलाने की मांग की।

ये लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर जयस ब्लॉक अध्यक्ष रवि चौहान, विजय गोरे मंडल अध्यक्ष अजजा मोर्चा, दुर्गेश किराड़े, मनोज बरडे, रविन्द्र गुप्ता, श्यामलाल, मुन्ना, सखाराम चौहान, नफीस, यशवंत भागोरे, पप्पू डावर, रेवाराम, राधेश्याम यादव, विकास कनोजे, मुकेश गंगवाल, सखाराम, सावन गर्ग, अशोक बलवंत, जितेन्द्र, दिलीप एवं अन्य चालक गण उपस्थित रहे।



