नशामुक्त समाज और श्रमिक अधिकारों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर माननीय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इंदौर श्री शिवराज सिंह गवली जी के मार्गदर्शन में आजीविका ब्यूरो द्वारा Narcotic Wing, Indore , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), ह्यूमन राइट्स क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (HRCCO) एवं श्रमिक पैरवी एवं अधिकार केंद्र के सहयोग से दीपमाला मजदूर चौक, सांवेर रोड, इंदौर में श्रमिकों के लिए नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को नशे के दुष्प्रभाव, श्रमिक अधिकारों, नई श्रम संहिताओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता तुकाराम ठाकरे ने नई श्रम संहिताओं, श्रमिक अधिकारों एवं श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि वेतन, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल की सुरक्षा तथा रोजगार संबंधी विवादों में पात्र श्रमिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

आजीविका ब्यूरो की ओर से कृष्णार्जुन बर्वे ने संस्था द्वारा श्रमिकों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आजीविका ब्यूरो असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, श्रम संबंधी समस्याओं के समाधान, सुरक्षित प्रवासन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से श्रमिकों को जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने श्रमिकों से आवश्यकता पड़ने पर इंडिया लेबर लाइन एवं श्रमिक पैरवी एवं अधिकार केंद्र से संपर्क कर सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का आग्रह किया।

Narcotic Wing, Indore की Inspector राधा जमोद ने नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों एवं युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं HRCCO की रिया जैन ने नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने में सामूहिक प्रयासों एवं सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य (Occupational Safety and Health – OSH), सामाजिक सुरक्षा, श्रमिक अधिकारों तथा श्रम संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र की भी जानकारी दी गई। उपस्थित श्रमिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इंडिया लेबर लाइन एवं श्रमिक पैरवी एवं अधिकार केंद्र से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण तथा प्रत्येक श्रमिक के अधिकार, सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया।



