पानसेमल की 13 पंचायतों में जनविश्वास शिविर: 718 आवेदन मिले, 697 का निराकरण; ग्रामीणों को निःशुल्क संपत्ति अधिकार-पत्र वितरित
विधायक श्याम बरडे बोले- सरकार आपके द्वार पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान, विभिन्न योजनाओं में हितलाभ और ऋण स्वीकृति पत्र भी बांटे गए

जनोदय पंच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड की 13 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 718 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 697 का निराकरण किया गया। शिविरों में ग्रामीणों को संपत्ति अधिकार-पत्र, विभिन्न योजनाओं के प्रमाण-पत्र और ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने तथा लोक सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड के बंधारा बुजुर्ग क्लस्टर की 13 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए।
ग्राम बंधारा बुजुर्ग में आयोजित शिविर में पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंच रही है। शिविरों में जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
विधायक बरडे ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को निःशुल्क संपत्ति अधिकार-पत्र और रजिस्ट्री उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपनी आबादी भूमि का मालिकाना हक मिल सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आगे आने का आह्वान किया, ताकि जिले और प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो सके तथा भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में अग्रणी बने।
पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी नागरिकों को अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्तियों का ड्रोन और तकनीकी सर्वे कराकर ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिया जा रहा है। इससे संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत रजिस्ट्री का कार्य ग्राम पंचायत में ही निःशुल्क किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

718 आवेदनों में से 697 का निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 16 अक्टूबर को पानसेमल विकासखंड की 13 पंचायतों में आयोजित शिविरों में कुल 718 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 697 आवेदनों का त्वरित कार्रवाई करते हुए निराकरण किया गया।
स्वामित्व योजना के तहत सौंपे संपत्ति अधिकार-पत्र
शिविर में विधायक श्याम बरडे ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत मनकुई के गुमान पिता सखाराम, रमेश पिता नानला, गब्बरसिंग पिता वागरिय और दादुल पिता रुपसिंग को उनकी संपत्तियों के निःशुल्क अधिकार-पत्र और रजिस्ट्री सौंपे।
विभिन्न योजनाओं में ऋण स्वीकृति और हितलाभ वितरित
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बड़वानी के उद्यम संवाद के तहत मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में मयूर पाटिल को खाद्य उद्योग के लिए 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। वहीं, पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत अविनाश शिंदे को 50 हजार रुपये तथा दीपक अनुष्ठान, विनोद सेंधाने और दिनेश पवार को एक-एक लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा आजीविका एवं बैंक सखी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही टीबी मरीजों को पोषण आहार के लिए फूड बास्केट प्रदान की गईं।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, जनपद अध्यक्ष, जनपद पंचायत के संबंधित सदस्य, 13 पंचायतों के सरपंच, ग्राम पटेल, विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



