बड़वानी में स्थापना दिवस पर आयुष विभाग की पहल, 157 बच्चों को पिलाई स्वर्णप्राशन औषधि, सिकलसेल मरीजों को भी मिली दवाइयां
शहीद भीमा नायक कॉलेज में लगाया गया विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल, लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल ने बच्चों को स्वर्णप्राशन पिलाकर बताए इसके लाभ।

जनोदय पंच। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर बड़वानी के शहीद भीमा नायक कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आयुष विभाग ने स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई। इस दौरान 157 बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई गई, जबकि सिकलसेल एनीमिया के दो रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में आयुष विभाग द्वारा विभागीय प्रदर्शनी का स्टॉल लगाया गया। इसमें सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्वेद ऐड ऑनथेरेपी के तहत निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
सांसद गजेंद्र पटेल ने बच्चों को पिलाई स्वर्णप्राशन औषधि
विभागीय स्टॉल पर लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल ने बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई। साथ ही उन्होंने इस औषधि के लाभों की जानकारी भी दी। इस गतिविधि के तहत कुल 157 बच्चे लाभान्वित हुए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कलेक्टर ने किया अवलोकन
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंग पटेल एवं कलेक्टर ने आयुष विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित आयुष स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी ली।
सिकलसेल के दो रोगियों को वितरित की औषधियां
आयुष विभाग द्वारा सिकलसेल एनीमिया से पीड़ित दो रोगियों को आयुर्वेदिक औषधियां प्रदान की गईं। इनमें द्राक्षा अवलेह, रास्ना सप्तक क्वाथ एवं पंच तिक्त घृत शामिल हैं। सभी औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।



