इंदौरअपराध

इंदौर के सुदामा नगर में 20 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, नौकरानी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम

सोनी परिवार के घर से गायब हुए थे सोने-चांदी के जेवर, अन्नपूर्णा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अधिकांश माल किया बरामद

जनोदय पंच। इंदौर। शहर के सुदामा नगर में एक परिवार के घर से 20 लाख रुपए से अधिक के जेवरात चोरी होने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में घर में काम करने वाली महिला और उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अधिकांश जेवरात बरामद किए हैं।

घर में एक साल से काम कर रही थी पिंकी

मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर का है। यहां रहने वाले सोनी परिवार के घर से 20 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के घर में करीब एक साल से काम करने वाली नौकरानी पिंकी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की थी। बताया गया कि पिंकी ने पहले घर की मालकिन का विश्वास जीत लिया था।

नवरात्रि के आसपास तिजोरी में नहीं मिले जेवर

परिवार ने करीब चार से छह महीने पहले तिजोरी की जांच की थी। उस समय सभी जेवरात सुरक्षित थे। इसके बाद नवरात्रि के आसपास जब दोबारा तिजोरी देखी गई तो उसमें रखे 20 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। इसके बाद परिवार ने जेवरात की तलाश शुरू की।

18 अक्टूबर को अचानक काम छोड़कर चली गई थी नौकरानी

इसी दौरान पिंकी 18 अक्टूबर को अचानक काम छोड़कर चली गई थी। जेवरात गायब मिलने के बाद परिवार को उस पर शक हुआ। इसके बाद अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पिंकी और उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों की भूमिका सामने आई।

अधिकांश जेवरात बरामद, बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने पूछताछ के बाद चोरी हुए अधिकांश जेवरात बरामद कर लिए हैं। बाकी जेवरात की बरामदगी के लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!