बड़वानी के जन विश्वास शिविरों में पहुंचे संभागायुक्त, आवेदकों से सीधे पूछी समस्याएं और अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सांवरिया पानी और बोकराटा में शिविरों का किया निरीक्षण, स्वामित्व पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र और टीबी मरीजों को बांटा पोषण आहार

जनोदय पंच। बड़वानी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों का संभागायुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं और आवेदनों के निराकरण की स्थिति जानी। अधिकारियों को संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के साथ समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
सांवरिया पानी और बोकराटा में शिविरों का निरीक्षण
आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए शासन द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाते हैं।
जिले के भ्रमण पर आए संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने ग्राम सांवरिया पानी एवं बोकराटा में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों की अपने समक्ष सुनवाई की। हितग्राहियों से पूछा कि वे किस समस्या को लेकर आवेदन देने आए हैं और उनके आवेदनों का निराकरण किस प्रकार किया गया है।

चार प्रमुख स्तंभों के आधार पर करें आवेदनों का निराकरण
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता एवं सादगी को ध्यान में रखते हुए आवेदनों का निराकरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाकर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और शासन-प्रशासन के प्रति जनविश्वास मजबूत करना है। शिविरों के माध्यम से प्रशासन को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के साथ सरकारी सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
हितग्राहियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र और पोषण आहार
शिविरों के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को स्वामित्व पत्र वितरित किए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिकाओं को स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं टीबी मरीजों को पोषण आहार का वितरण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



