सेंधवा

सेंधवा में 422 छात्राओं ने सीखे करियर के गुर, CLAT से लेकर डॉक्टर, पुलिस और आर्मी तक के विकल्पों की मिली जानकारी

माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर में सक्षम लाइफ स्किल्स प्रोग्राम के तहत हुई वर्कशॉप, महामंडलेश्वर शर्मा ने कानून और महिला अधिकारों पर छात्राओं को दिया मार्गदर्शन

जनोदय पंच। सेंधवा। माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित करियर अवेयरनेस वर्कशॉप में 422 छात्राओं ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने कानून, महिला अधिकारों और दसवीं-बारहवीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी। छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उन्हें लक्ष्य के प्रति प्रेरित किया।

13 नवंबर 2026 को माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर, मडगांव, सेंधवा में सक्षम लाइफ स्किल्स प्रोग्राम के अंतर्गत करियर अवेयरनेस वर्कशॉप आयोजित की गई। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सेवानिवृत्त अधिवक्ता सुश्री विमला शर्मा ने छात्राओं को कानून के क्षेत्र में करियर, वकील और जज बनने की प्रक्रिया तथा महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी।

 

उन्होंने संस्कृति और संस्कारों के महत्व पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि अहिंसा हमारा परम धर्म है तो शस्त्र उठाना हमारी नीति है। वसुधैव कुटुंबकम हमारा भारतीय दर्शन है। वर्तमान में कानूनी और धर्म की जानकारी रखना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

दसवीं-बारहवीं के बाद करियर विकल्पों की जानकारी
जिला प्रोग्राम मैनेजर, लाइफ स्किल्स, सक्षम प्रोग्राम लीना घोषी ने छात्राओं को दसवीं और बारहवीं के बाद डॉक्टर, नर्स, शिक्षक, पुलिस, आर्मी, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग, कंप्यूटर सहित विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी।

CLAT की तैयारी और टाइम मैनेजमेंट पर पूछे सवाल
वर्कशॉप में प्रश्न-उत्तर सत्र आकर्षण का केंद्र रहा। छात्रा विधि तावड़े और स्पर्श जाधव ने CLAT की तैयारी, टाइम मैनेजमेंट तथा क्रिमिनल, सिविल और कॉर्पाेरेट लॉयर के बीच अंतर को लेकर सवाल पूछे। महामंडलेश्वर विमला शर्मा ने सरल भाषा में जवाब देते हुए नियमित पढ़ाई, सही टाइम टेबल और अच्छे संस्कारों को सफलता का आधार बताया।

उन्होंने महिलाओं की दोहरी जिम्मेदारी और सामाजिक भूमिका पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि विवाह से पहले और बाद में दोनों घरों की इज्जत महिलाओं के हाथ में होती है। महिलाएं समाज की मुख्य धुरी हैं। उन्होंने बच्चों को बचपन से ही संस्कारवान बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्राचार्य ने छात्राओं को दिलाया मेहनत का संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश मोरे सर ने कहा कि बेटियां मन लगाकर पढ़ाई करें तो हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से मेहनत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक मैनेजर हर्ष शर्मा, मीनाक्षी यादव एवं कन्या शिक्षा परिसर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सेंधवा करियर अवेयरनेस वर्कशॉप, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर, सक्षम लाइफ स्किल्स प्रोग्राम।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!