सेंधवा के खारिया में आदिवासी परंपरा से स्थापित हुई रानी काजल माता की मूर्ति, विधायक मोंटू सोलंकी ने दिए 5 लाख रुपए
गायना परंपरा के अनुसार हुआ मूर्ति स्थापना समारोह, जनजातीय संस्कृति, शिक्षा, पारंपरिक ज्ञान और ग्रामीण विकास के लिए काम करेगा ग्राम विकास केंद्र

जनोदय पंच। सेंधवा। वरला तहसील के ग्राम खारिया में आदिवासी समाज की कुलदेवी रानी काजल माता की मूर्ति पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्थापित की गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने भाग लिया। इस दौरान मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
गायना परंपरा के अनुसार हुई मूर्ति स्थापना
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खारिया में रानी काजल माता की मूर्ति स्थापना समारोह आयोजित किया गया। आदिवासी समाज की कुलदेवी की मूर्ति पारंपरिक रीति-रिवाजों और गायना परंपरा के अनुसार स्थापित की गई। कार्यक्रम का आयोजन रानी काजल आदिवाणी ग्राम विकास केंद्र द्वारा किया गया। इसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और समाजजन शामिल हुए।कार्यक्रम में विधायक मोंटू सोलंकी ने मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
ग्रामीण विकास और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण पर काम करेगा केंद्र
संस्था के संस्थापक एवं कॉर्डिनेटर अंतर निंगवाले ने बताया कि केंद्र ग्रामीण विकास, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण, शिक्षा और स्थानीय स्वशासन के लिए काम करेगा। इसके तहत गांवों का अध्ययन और शोध किया जाएगा। स्थानीय पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण करने के साथ ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रयास भी किए जाएंगे।

IIT के 23 विद्यार्थियों का सहयोग लेने की योजना
अंतर निंगवाले ने बताया कि इस पहल में IIT के 23 विद्यार्थियों के साथ जनजातीय कार्य मंत्रालय और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग से जुड़े संस्थानों एवं लोगों का सहयोग लेने की योजना है।
केंद्र का उद्देश्य आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को संरक्षित करते हुए उन्हें आधुनिक शिक्षा, तकनीक और शोध से जोड़ना है। इसके माध्यम से जनजातीय युवाओं को प्रशिक्षण और शोध के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
समारोह में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक मोंटू सोलंकी, पूर्व सरपंच नानसिंह सोलंकी, जयस संस्थापक विक्रम अच्छालिया, गठिराम जमरे, मेमाराम बरड़े, मिट्ठू जमरे, रविंद्र जमरे, रूपचंद सोलंकी, शिवपंथ मंडल के कालूसिंह बाबा, सुमालीबाई, प्रेमचंद निगवाल, कमिश जमरे और धरम भाई जमरे मौजूद रहे।




