खरगोन-बड़वानीसेंधवा

बड़वानी: वरला और सेंधवा थानों में अचानक पहुंचे प्रभारी एसपी, रिकॉर्ड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक का किया बारीकी से निरीक्षण

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, लंबित मामलों की समीक्षा कर निष्पक्ष जांच और त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जनोदय पंच। बड़वानी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने 13 नवंबर को वरला और सेंधवा शहर थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस व्यवस्था, थानों की साफ-सफाई, अभिलेखों, मालखाने, हवालात और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए।

थानों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों की सुनी समस्याएं

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने 13 नवंबर 2026 को थाना वरला एवं थाना सेंधवा शहर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों थानों के पुलिस स्टाफ से परिचय प्राप्त किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

थाना वरला में थाना परिसर, गार्डन, पुराने पुलिस थाना भवन, पुलिस कॉलोनी एवं ऊर्जा महिला डेस्क का निरीक्षण किया गया। वहीं थाना सेंधवा शहर में थाना परिसर, कार्यालय और आमजन के आवागमन वाले कक्षों की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान थाना परिसरों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अपराध और मालखाना रजिस्टर सहित रिकॉर्ड की जांच

निरीक्षण के दौरान दोनों थानों के मालखानों एवं हवालात का अवलोकन किया गया। थाना वरला में जब्ती रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और केस डायरियों सहित संपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की गई। वहीं थाना सेंधवा शहर में अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर तथा गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की सूची का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

लंबित प्रकरणों और पेंडिंग इन्वेस्टिगेशन की समीक्षा करते हुए विवेचकों को साक्ष्य-आधारित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने और सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों का नियमित रूप से अद्यतन व व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

शस्त्रों की सुरक्षा और हवालात व्यवस्था पर दिया जोर

थाना सेंधवा शहर के निरीक्षण के दौरान मालखाने में रखे शस्त्रों की स्थिति, उनकी साफ-सफाई एवं सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता का जायजा लिया गया। पुलिस बल को सदैव सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। हवालात की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

फरियादियों से विनम्र व्यवहार और महिला सुरक्षा के निर्देश

प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण करने तथा महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी और तत्परता से निर्वहन करने तथा थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी वरला निरीक्षक श्री नारायण रावल, थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक श्री दिनेशसिंह कुशवाह एवं दोनों थानों का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!