खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
अंजड़ नगर परिषद का 37.77 करोड़ का बजट पास, जलकर में बढ़ोतरी, बजट सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास, 35 हजार से अधिक की बचत

अंजड़। नगर परिषद में 15 अप्रैल को नगर परिषद द्वारा बजट सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए 37 करोड़ 77 लाख 51 हजार 424 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद बैठक में बजट को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और नगर की वित्तीय स्थिति, आय-व्यय और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बजट में कुल 35 हजार 576 रुपये की बचत दर्शाई गई है, जो संतुलित वित्तीय प्रबंधन का संकेत माना जा रहा है।
बजट में नगर परिषद ने विभिन्न करों में आंशिक वृद्धि का निर्णय लिया है। घरेलू जलकर को 100 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये प्रतिमाह किया गया है, जबकि व्यवसायिक जलकर को 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती ने जल कर में वृद्धि पर कहा कि यह बढ़ोतरी नगर के विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही अन्य करों में भी मामूली वृद्धि की गई है। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे नगर के विकास में सहयोग करते हुए सभी करों का समय पर भुगतान करें और जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।




