खरगोन-बड़वानी

प्रभारी पुलिस अधीक्षक  सिंह ने किया थाना पाटी का निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की

पाटी/बड़वानी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का जायजा लेने हेतु पुलिस थाना पाटी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर लंबित गंभीर अपराधों, संपत्ति संबंधी मामलों एवं विवेचनाधीन प्रकरणों की समीक्षा की गई। विवेचकों को साक्ष्य-आधारित, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयावधि में विवेचना पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मर्ग एवं गुम इंसान रजिस्टर की समीक्षा कर गुमशुदा महिलाओं एवं पुरुषों की पतारसी हेतु विशेष अभियान चलाकर शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, मजबूती, प्रकाश व्यवस्था तथा बंदियों के लिए भोजन एवं पानी की उपलब्धता का जायजा लिया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करने एवं बंदियों के मानवाधिकारों का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता, भवनों के रख-रखाव, मालखाने एवं वाहनों के निष्पादन की स्थिति का निरीक्षण कर परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनकर उनके साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा नियमानुसार तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा अवैध शराब, जुआ-सट्टा, अवैध परिवहन एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त, रात्रि गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान में तेजी लाकर विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उप निरीक्षक श्रीमती जानी चारेल एवं समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!