बड़वानी में खाटू श्याम मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं का ऑटो पलटा, महिला की मौत, सात घायल
तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का ऑटो नायरा पेट्रोल पंप के पास पलटा, पुलिस ने जांच शुरू की।

जनोदय पंच। बड़वानी से तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में संगीता गोले की मौत हो गई, जबकि सात महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने ऑटो जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्शन के लिए जाते समय हुआ हादसा
बड़वानी। बड़वानी से तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो बुधवार को आरटीओ कार्यालय से पहले नायरा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार सतपुड़ा कॉलोनी निवासी संगीता गोले (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात महिलाएं घायल हो गईं।
सात महिलाएं घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
घायलों में रेखा पति सुभाष, कला बाई पति सत्यनारायण, विधा बाई, शिवकन्या बाई, जमना बाई पति जगदीश, अनीता पति शिवजी तथा रिंकू पति शांतिलाल शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। बताया गया कि मोटरसाइकिल को बचाने के दौरान ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन पलट गया। पुलिस ने ऑटो जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मोटरसाइकिल चालक की तलाश जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका संगीता गोले (60) सतपुड़ा कॉलोनी की निवासी थीं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के दौरान सामने आए मोटरसाइकिल चालक की तलाश भी की जा रही है।



