बड़वानी में आवारा कुत्तों का खूनी हमला, लकड़ी बीनने गई महिला की मौके पर दर्दनाक मौत
राजघाट रोड स्थित ईंट भट्टों और सवारियां हॉस्पिटल क्षेत्र के पास हुई घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जनोदय पंच। बड़वानी में राजघाट रोड क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में लीला बाई की मौत हो गई। लकड़ी बीनने गई महिला पर 5-6 कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
लकड़ी बीनने गई महिला पर कुत्तों का हमला
बड़वानी शहर में शुक्रवार शाम राजघाट रोड स्थित ईंट भट्टों और सवारियां हॉस्पिटल के पास आवारा कुत्तों के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लीला बाई, पति दिलीप बकवाले, निवासी पाटी नाका टीन शेड तथा रानीपुरा क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार लीला बाई रोज की तरह शाम करीब 5 बजे सूखी लकड़ियां और भंगार एकत्र करने गई थीं। इसी दौरान 5-6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें जमीन पर गिराकर हाथ, पैर, पेट और गले पर गंभीर रूप से नोच डाला।

लोगों ने बचाने का प्रयास किया, तब तक हो चुकी थी मौत
ईंट भट्टे पर काम करने वाले गोलू गोले ने बताया कि उन्होंने कुत्तों के भौंकने और महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचकर पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया। हालांकि तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। पार्षद प्रतिनिधि बाबूलाल आर्य के अनुसार हमला इतना गंभीर था कि महिला को संभलने का अवसर नहीं मिला। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण लीला बाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगरपालिका के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि राजघाट रोड, बस स्टैंड और जिला अस्पताल परिसर सहित कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं और इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं।



