पानसेमल में दिव्यांगजन शिविर, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

जनोदय पंच। पानसेमल जनपद पंचायत प्रांगण में वयोश्री एवं एडीप योजना के तहत दिव्यांगजन शिविर आयोजित हुआ। इसमें वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। सोमवार को शिविर रद्द होने के बाद बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
सामाजिक अधिकारिता एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के अंतर्गत भारत सरकार की वयोश्री योजना एवं एडीप योजना के तहत पानसेमल जनपद पंचायत प्रांगण में दिव्यांगजन शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्याम जी बरडे की उपस्थिति में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। जनपद पंचायत के अधिकारियों ने विधायक श्याम जी बरडे का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। उपस्थित अतिथियों का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

दिव्यांगजनों को सुविधा और आत्मनिर्भरता पर जोर
विधायक श्याम जी बरडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों एवं उनके जन्मदिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश और देश में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लाखों कार्यकर्ता गांव, गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, माता-बहनों और समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए सेवा कार्यों में जुटे हैं।

विधायक बरडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन को देश की करोड़ों जनता की सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा, “सेवा पद से नहीं, संकल्प से होती है और जब सेवा का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तभी उसका वास्तविक अर्थ सामने आता है।”
उन्होंने कहा कि इसी सेवा संकल्प के तहत दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा और उजाला लाने का प्रयास किया गया है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता प्रदान की जा रही है।
नेताओं ने भी रखे विचार
विधायक ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के गांव, मजरे-टोले, पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही शासन और जनप्रतिनिधियों का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विधायक श्याम जी बरडे के नेतृत्व में वे सदैव जनता के साथ खड़े रहेंगे।

सोमवार को रद्द हुआ था शिविर
इससे पहले सोमवार को निर्धारित उपकरण वितरण शिविर रद्द हो गया था। उस समय पहुंचे दिव्यांगजन और वरिष्ठजन बिना उपकरण लिए वापस लौट गए थे। जनपद अध्यक्ष शिला विनोद वसावे ने इसे लेकर नाराजगी जताई थी।
विधायक श्याम बर्डे ने बताया कि वे वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक रैली में व्यस्त थे। उनके मुताबिक, उन्हें शिविर की जानकारी नहीं मिली थी, इसलिए वे सोमवार के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। बुधवार को हुए कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला महामंत्री सचिन जी चौहान, जिला उपाध्यक्ष राम जी सोनवने, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र शितोले, जनपद अध्यक्ष दशरथ अप्पा निकुंभ, वरिष्ठ नेता गोविंद जी जोशी, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत महाजन, रामचंद्र सोनिस, चैन सिंह गदरे, मंडल महामंत्री प्रकाश जी जोशी, पंडित माली, विक्की सिरसाट, मुकेश सावले, मंगल सामेशाह, जगदीश भंडारी, प्रेम सिंह पटेल, अजमल चौहान, सरपंचगण, जनपद सदस्य सहित बड़ी संख्या में माता-बहनें, ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



