सेंधवा में तीन नाबालिग बहनों ने पिता पर लगाए आपत्तिजनक हरकतों के आरोप, डेढ़ साल से प्रताड़ित करने की शिकायत
तीनों बालिकाओं की उम्र 14, 11 और 10 वर्ष, शिकायत के बाद आरोपी पिता राउंडअप; मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा

जनोदय पंच। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन नाबालिग बहनों ने अपने पिता पर करीब डेढ़ साल से आपत्तिजनक हरकतें करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों के साथ थाने पहुंची बालिकाओं की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को राउंडअप किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम तीनों बालिकाएं अन्य परिजनों के साथ सेंधवा ग्रामीण थाने पहुंचीं और पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तीनों की उम्र 14, 11 और 10 वर्ष बताई गई है। बालिकाओं ने बताया कि उनकी मां करीब आठ साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वे पिता के साथ रह रही थीं।

डेढ़ साल से आपत्तिजनक हरकतों का आरोप
शिकायत में बालिकाओं ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक से डेढ़ साल से पिता नशे में उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार कर रहा था। शिकायत में बालिकाओं ने शरीर के प्राइवेट पार्ट को छूने और उन्हें भी पिता के प्राइवेट पार्ट को छूने के लिए कहने का आरोप लगाया है।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी चौंगडे ने बताया कि नाबालिग बालिकाओं की शिकायत पर पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है। तीनों बालिकाओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। टीआई ओपी चौंगडे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




