पानसेमल में किसान कल्याण वर्ष के तहत विधायक बरड़े ने किसानों को निःशुल्क बीज वितरित किए
कृषि विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क बीज वितरण कार्यक्रम में विधायक श्याम बरड़े ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्रमाणित बीजों के उपयोग तथा प्राकृतिक खेती अपनाने का संदेश दिया।

जनोदय पंच। पानसेमल में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क बीज वितरण कार्यक्रम में विधायक श्याम बरड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में किसानों को निःशुल्क बीज वितरित किए गए तथा उन्नत खेती और प्राकृतिक कृषि संबंधी जानकारी दी गई।
भगवान बलराम के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
पानसेमल में भारतीय जनता पार्टी के विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा विशाल निःशुल्क बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पानसेमल विधानसभा के विधायक श्याम बरड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अन्नदाता किसानों के आराध्य देव भगवान बलराम के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कृषि विभाग के उपसंचालक ने विधायक श्याम बरड़े का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया।

किसानों को उन्नत खेती अपनाने का संदेश
सभा को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, युवा एवं मातृशक्ति के कल्याण के लिए विभिन्न जनहितैषी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। विधायक ने किसानों से प्रमाणित एवं उन्नत बीजों के उपयोग, मिट्टी परीक्षण कराने तथा रासायनिक खाद और कीटनाशकों का सीमित उपयोग कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि, जल और पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

किसान कल्याण वर्ष के उद्देश्य पर प्रकाश
विधायक श्याम बरड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में किसानों को निःशुल्क बीज वितरित किए गए तथा कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत खेती की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री प्रकाश जोशी ने किया। इस अवसर पर किसान मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र शितोले, जिला उपाध्यक्ष राम सोनवाने, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत महाजन, खेतिया मंडल अध्यक्ष रामचंद्र सोनी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद वसावे, जनपद सदस्य जगदीश भंडारी, देवा नवदे, पंडित माली, मन्ना शुक्ला, महेश गोले, साहेबराव चौधरी, गोलू ठाकुर, चिंटू अग्रवाल, मंगल शामेशाह, मनोहर माली, दिनेश यादव, नीति निझरे, विजय चौधरी सहित सरपंचगण, वरिष्ठ नेता, किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



