बड़वानी में रातभर चली कॉम्बिंग गश्त, 37 फरार अपराधी गिरफ्तार, बदमाशों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष अभियान, वारंटी, निगरानी बदमाश और अवैध शराब तस्करों पर कार्रवाई

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने 30-31 मई की दरमियानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हुई कार्रवाई में 37 फरार अपराधी गिरफ्तार किए गए, जबकि अवैध शराब और निगरानी बदमाशों पर भी कार्रवाई की गई।
अपराध नियंत्रण के लिए जिलेभर में चला विशेष अभियान
बड़वानी। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 30-31 मई 2026 की दरमियानी रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने स्वयं रात्रि गश्त की कमान संभाली। उन्होंने वाहन चेकिंग का निरीक्षण किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान उन्होंने थाना सिलावद का आकस्मिक निरीक्षण कर हवालात, गुंडा रजिस्टर एवं निगरानी संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

37 फरार अपराधी गिरफ्तार, निगरानी बदमाशों की हुई जांच
रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस ने 23 गिरफ्तारी वारंट और 14 स्थाई वारंट तामील कर कुल 37 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 72 निगरानी बदमाशों की जांच की गई, जिनमें से 42 को डिजिटल बीट ऐप में दर्ज किया गया। वहीं 138 गुंडों की चेकिंग कर 76 को डिजिटल बीट ऐप में पंजीबद्ध किया गया। चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त 10 आदतन अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर जांच की गई। साथ ही 03 जिला बदर आरोपियों की गतिविधियों की निगरानी करते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस ने दिया सख्त संदेश
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 09 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 108.8 लीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12 हजार 180 रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






