बड़वानी में अनंत चतुर्दशी को लेकर पुलिस अलर्ट, झांकी जुलूस और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने थाना प्रभारियों से ली तैयारियों की जानकारी, आयोजकों और रक्षा समिति सदस्यों से समन्वय पर जोर

बड़वानी। आगामी अनंत चतुर्दशी और गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। झांकी जुलूस मार्गों के निरीक्षण, CCTV व्यवस्था, आयोजकों से समन्वय और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल व सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 23 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की अध्यक्षता में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके क्षेत्र में निकलने वाले झांकी जुलूस के मार्ग और व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने झांकी जुलूस मार्गों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने तथा पूरे मार्ग पर पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए।
आयोजकों और रक्षा समिति से समन्वय के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने झांकी आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों और निर्धारित समय-सारणी का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। अनंत चतुर्दशी चल समारोह और विसर्जन के दौरान ग्राम तथा नगर रक्षा समिति के सदस्यों को सक्रिय कर विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के रूप में तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त इंतजाम
विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अनंत चतुर्दशी का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

बीट पुस्तिका बांटी, शिकायतों के निराकरण के निर्देश
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना प्रभारी को बीट पुस्तिका वितरित की। इसके माध्यम से क्षेत्र के अपराधों और गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गई। विभागीय समीक्षा में CM हेल्पलाइन, जनसुनवाई और जन विश्वास पोर्टल की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा गया।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, एसडीओपी राजपुर बीएल अटोदे, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, डीएसपी चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसोदिया, यातायात प्रभारी रजनी भार्गव, डीएसबी शाखा प्रभारी निरीक्षक रेखा वास्केल सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और ऑफिस स्टाफ मौजूद रहा।




