खरगोन-बड़वानी

राजपुर में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो वाहनों से 55 पेटी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

ईको कार और बोलेरो से 612 लीटर शराब बरामद, 2.31 लाख रुपये से अधिक कीमत की शराब और दोनों वाहन जब्त

बड़वानी जिले के राजपुर में पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 55 पेटी शराब जब्त की है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,31,520 रुपये बताई गई है। दोनों वाहनों को भी जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग, दो वाहन पकड़े

पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 की रात्रि गश्त के दौरान थाना राजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धामनोद की ओर से दो वाहनों में अवैध शराब भरकर बड़वानी रोड के रास्ते जुलवानिया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने जुलवानिया रोड और थाना परिसर के समीप वाहन चेकिंग प्वाइंट लगाया।

ईको कार से 20 और बोलेरो से 35 पेटी शराब बरामद

वाहन चेकिंग के दौरान धामनोद की ओर से आ रही ग्रे रंग की मारुति सुजुकी ईको कार क्रमांक MP-09-BJ-1739 को रोककर तलाशी ली गई। इसमें बैगपाइपर व्हिस्की की 6 पेटी, लंदन प्राइड व्हिस्की की 8 पेटी और लेमाउंट बीयर की 6 पेटी सहित कुल 20 पेटी अवैध शराब मिली। ईको कार के पीछे आ रही सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MP-13-CA-1182 के चालक ने पुलिस चेकिंग देखकर वाहन तेज गति से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो को थाना परिसर के सामने घेरकर रोक लिया। तलाशी में वाहन से लेमाउंट बीयर की 35 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। दोनों वाहनों से कुल 55 पेटी, लगभग 612 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,31,520 रुपये है।

प्रकाश राठौड़ और ईतेश अजनारे गिरफ्तार, विवेचना जारी

पुलिस ने मामले में प्रकाश पिता बलिराम राठौड़, जाति तेली, निवासी बड़वानी रोड, राजपुर, जिला बड़वानी और ईतेश पिता दिनेश अजनारे, जाति भीलाला, निवासी अवल्या फलिया, ग्राम बिलवानी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत पृथक-पृथक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ और आगे की वैधानिक विवेचना जारी है। मामले में संलिप्त शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक माधव सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक आर.सी. चौहान, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण मण्डलोई, सहायक उपनिरीक्षक राकेश मण्डलोई, प्रधान आरक्षक विजय सिंह (99), प्रधान आरक्षक नरेश ठकराव (125), प्रधान आरक्षक गणेश डावर (19), प्रधान आरक्षक बाबूलाल (137), आरक्षक हेमन्त (576), आरक्षक दुर्गेश (509), आरक्षक प्रवीण यादव (612), आरक्षक महेन्द्र प्रजापत (626, आसूचना) एवं साइबर प्रधान आरक्षक योगेश पाटिल की सराहनीय भूमिका रही।

अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा : बड़वानी पुलिस

बड़वानी पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) के तहत अभियान निरंतर जारी रहेगा। असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!