सेंधवा

सेंधवा के पास वरला में ग्रामीणों से भरा वाहन पलटा, सात घायल; एक की हालत गंभीर

महानीम गांव से बलवाड़ी हाट बाजार जा रहे थे ग्रामीण, रोजानीमाल रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरा ट्रैक्स तूफान वाहन

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा से करीब 50 किलोमीटर दूर वरला थाना क्षेत्र में गुरुवार को ग्रामीणों से भरा सवारी वाहन पलट गया। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रोजानीमाल रोड पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन

वरला थाना क्षेत्र के महानीम गांव से ग्रामीण गुरुवार को ट्रैक्स तूफान वाहन में सवार होकर बलवाड़ी हाट बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रोजानीमाल रोड पर वन क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर दी सूचना

हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने वाहन में फंसे ग्रामीणों को बाहर निकाला और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की मदद से घायलों को वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

सात ग्रामीण घायल, एक की हालत गंभीर

हादसे में वेरसिंह (50), सयाली बाई (48), दुर्गा (40), भायला (42), गोविंद, रायसिंग (60) और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी घायलों के निवासी महानिम, रोजानीमाल और महानीम गांव के बताए गए हैं। घायलों के हाथ-पैर, कमर और सिर में चोटें आई हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. पंकज जमरा के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम घायलों का उपचार कर रही है। हादसे की सूचना मिलने पर वरला थाना प्रभारी नारायण रावल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।

वाहन में 20 से अधिक ग्रामीण सवार होने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में 20 से अधिक ग्रामीण सवार थे। वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, वाहन सड़क से नीचे उतरते समय एक पेड़ से टकराकर रुक गया। उनका कहना है कि यदि वाहन पेड़ से नहीं टकराता तो वह गहरी खाई में गिर सकता था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!